मुंडेरवा थाना क्षेत्र के किठिऊरी बाजार में मुंडेरवा-कांटे मार्ग पर शनिवार रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बना लिया। इन दुकानों से चोरों ने सात लैपटॉप व अन्य सामान चुरा लिया।
क्षेत्र के सिसवा पांडेय निवासी सुनील कुमार पांडेय स्वतंत्र मोदनवाल के मकान में प्रिंन्टिग प्रेस एव इंफार्मेसन सेंटर चलाते हैं। शनिवार को दुकान बंद कर के अपने गांव चले गए। रविवार होने के कारण दिन में करीब11बजे दुकान पर आए। शटर खोला तो दुकान का सारा सामान तितर-बितर था। चोरों ने पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़ कर दुकान में प्रवेश किया और दो लैपटॉप व अन्य सामान उठा ले गए।
इसी दुकान से सटे प्रमोद मोदनवाल के मकान में तुरकौलिया निवासी रामचंद्र विश्वकर्मा कंप्यूटर सेंटर चलाते हैं। जब इन्हें पड़ोसी के दुकान में चोरी होने की सूचना मिली तो वे भी मौके पर पहुंच अपनी दुकान खोली। इस दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया था। दुकान में रखे पांच लैपटॉप चोर उठा ले गए थे। जाते-जाते चोरों ने कई मानीटर व सीपीओ तोड़ डाले हैं। चोरों ने मकान स्वामी के पुत्र लवकुश के फोटो स्टेट की दुकान को भी निशाना बनाया था, मगर यहां उन्हें कुछ नहीं मिला। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने चोरी की पुष्टि करते हुए कहा कि चोर कोई ऐसा व्यक्ति है जो दुकान में आता जाता रहा है। पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा करेगी।