बस्ती। पुलिस ने तहसीलदार सदर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है। एसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि महिला की तहरीर पर कोतवाली
पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
कटरा बस्ती निवासी महिला ने
कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि कुछ दिन पहले उसकी तहसीलदार सदर
विनोद सिंह से मुलाकात हुई। तहसीलदार ने कांशीराम आवास उपलब्ध कराने का
झांसा दिया।
वह तहसीलदार के बहकावे में आ गई। इसके बाद तहसीलदार ने
कई बार उसे अपने सरकारी आवास पर बुलाया और आवास देने का झांसा देकर
दुष्कर्म किया।
महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तहसीलदार विनोद के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
यहां
बता दें कि बीते दिनों आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो जाने के
बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। इसके बाद डीएम ने मामले की जांच एडीएम
को दी थी।
एडीएम राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जांच पूरी हो चुकी है।
चुनाव की व्यस्तता के चलते जांच रिपोर्ट डीएम को नहीं दी जा सकी है।
महिला
का कहना है कि न्याय मिलने तक वह अपनी लड़ाई जारी रखेगी। बताया कि केस को
वापस लेने के लिए भी तहसीलदार की तरफ से दबाव बनाया जा रहा है। इससे उसे
जान का खतरा है।