गन्ना घटतौली पर मिल के अध्याशी के विरुद्घ केस दर्ज करने की तहरीर दी।
- फोटो : अमर उजाला
पैकोलिया। चुड़ियारपुर स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर शुक्रवार को घटतौली को लेकर किसानों ने हंगामा किया। इसके चलते तौल बंद करना पड़ा। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। गन्ना समिति गौर के सचिव एसएन सिंह की ओर से मिल अध्याशी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी गई।
जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने बताया कि मिल के अध्याशी के विरुद्ध केस दर्ज करने के साथ सहायक चीनी आयुक्त से मिल के विरुद्घ आर्थिक जुर्माना करने के लिए लिखा गया है। वहीं मिल के उप महाप्रबंधक बेचन सिंह का कहना है कि घटतौली का आरोप निराधार है, तौल की जो पर्ची किसान को दी गई, उस पर मिल के गन्ना लिपिक के हस्ताक्षर नहीं हैं।
बेलसड़ निवासी किसान संत दया पुत्र आज्ञाराम चौधरी शुक्रवार की सुबह आठ बजे बैलगाड़ी से चुड़ियारपुर गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे। किसान का कहना है कि वह गन्ने का तौल किसी अन्य कांटे से कराकर क्रय केंद्र पर ले गए थे। बताया कि तौल लिपिक जंगबहादुर सिंह और शिवकुमार सिंह ने जो वजन की पर्ची दी, उसमें वजन से एक क्विंटल 62 किलोग्राम कम था।
किसानों के साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिग्विजय सिंह राना भी थे। उन्होंने किसानों के साथ मिलकर घटतौली का विरोध कर तौल बंद करवा दिया। जिला गन्ना अधिकारी ने मामले की जानकारी मिलने पर बभनान समिति के सचिव बीएन लाल और गौर समिति के सचिव एसएन सिंह को भेजा।
दोनों सचिवों ने जब गन्ने की तौल कराई तो एक क्विंटल 62 किलोग्राम कम निकला। इसकी जानकारी मिल प्रबंधन को दी गई। मौके पर पहुंचे उप महाप्रबंधक प्रशासन बेचन सिंह ने मामले को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि घटतौली का आरोप निराधार है। पैकोलिया थाने के एसओ सलीमुजफ्फर जफर खां ने बताया कि तहरीर मिली है, आरोप पुष्ट होने पर ही केस दर्ज किया जाएगा।