बस्ती। सरकारी कार्यालयों और योजनाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के उद्देश्य से लागू जन सूचना अधिकार अधिनियम का पालन नहीं किया जा रहा है। सूचना देने में आनाकानी कर रहे चार अधिकारियों पर राज्य सूचना आयुक्त ने एक साथ 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इनमें सीएमओ डॉक्टर जेपी सिंह, तत्कालीन बीएसए डॉ. धर्मवीर सिंह, महिला महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. तूलिका बनर्जी हैं।
सीएमओ डॉ. जेपी सिंह पर 25 हजार रुपये का जुर्माना अरविंद प्रसाद दुबे के मामले में लगाया गया है। बार-बार मांगने के बावजूद सीएमओ ने सूचना उपलब्ध नहीं कराई।
सूचना उपलब्ध न कराने का कारण सीएमओ ने राज्य सूचना आयुक्त को कार्यालय में अभिलेख उपलब्ध न होना बताया गया। ऐसे ही तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डाक्टर धर्मवीर सिंह पर जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने आजाद सिंह द्वारा मांगी गई जानकारी समय से उपलब्ध नहीं कराई।
यह भी आरोप है कि उन्होंने मांगी गई सूचना न देकर अनावश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी। धर्मवीर सिंह द्वारा मांगी गई सूचना को उपलब्ध न कराने के आरोप में महिला महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डाक्टर तूलिका बनर्जी पर जुर्माना लगाया गया। इसी तरह नगर पालिका बस्ती के अधिशासी अधिकारी डाक्टर आरपी सिंह ने भानु प्रकाश चतुर्वेदी को वांछित सूचना समय से उपलब्ध नहीं कराई। अन्य अधिकारियों की तरह इन पर भी 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों पर प्रति दिन 250 रुपये की दर से अधिकतम जुर्माना लगाया गया। जुर्माने की रकम को वसूलने के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है।