विकास खंड के ग्राम पंचायत ककरहिया नहर पर बुधवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आन से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का कारण तारों का ढीला होना बताया जा रहा है। हादसे के लिए ग्रामीणों ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
नगर थाना क्षेत्र के चौबाहे गांव निवासी संतोष, सोनू दूबे और ककहरिया गांव निवासी जितेंद्र व पहलवान ककरहिया नहर रास्ते से होकर जा रहे थे। रास्ते के बगल से हाईटेंशन लाइन खींची गई है। बीच में ढीले होकर लटक रहे हाईटेंशन तार ने संतोष के अपनी ओर खींच लिया। उन्हें जलता देख उनके सोनू, जितेंद्र व पहलवान बचाने का प्रयास करने लगा, जिससे यह तीनों भी चपेट में आ गए। शार्ट सर्किट के चलते बिजली कटने के बाद सभी तार से दूर गिरे। हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीण चारो को लेकर लेकर चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और इसे बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए आरोप लगाया कि हाईटेंशन तार ढीले होकर लटक रहे हैं विभाग के संज्ञान में भी है। बावजूद इसके जिम्मेदारों ने इसे दुरुस्त कराने में कोई रुचि नहीं ली। एसडीएम भानपुर सुरेश चंद शर्मा ने कहा कि घटना के बारे में पता चला है। ढीले तारों को दुरुस्त कराने का निर्देश विभाग को दिया गया है।