नेशनल हाईवे के परसा हज्जाम के पास स्कारपियो और कार के टक्कर मे पलटी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
बस्ती। अयोध्या से स्नान कर गोरखपुर लौट रहे अधिवक्ता की कार से बेकाबू स्कार्पियो टकरा जाने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में अधिवक्ता की चाची की मौत हो गई। हादसे का कारण स्कार्पियो का टायर फटना बताया जा रहा है। दूसरी लेन में जा रही स्कार्पियो का टायर फट गया और वह बेकाबू होकर गोरखपुर जाने वाली लेन में पहुंच गई।
जिला शासकीय अधिवक्ता (दीवानी) गोरखपुर कृष्णा यादव (55) निजी कार से पूर्णिमा पर स्नान करने अयोध्या गए थे। साथ में पत्नी मालती देवी (52), चाची शुक्लावती देवी (45) पत्नी हीरालाल निवासी तुरकौलिया थाना पीपीगंज, नौकरानी अनारकली (55) पत्नी रामभवन निवासी भगवानपुर चिलुआताल, कु.विनीता यादव (18), दोस्त एडवोकेट सुदामा यादव (38) भी थे।
स्नान के बाद वापस गोरखपुर जा रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ये लोग मुंडेरवा थाना क्षेत्र के खझौला चौके के परसा हज्जाम गांव के पास पहुंचे थे। दूसरी लेन पर बस्ती की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुई स्कार्पियो डिवाइडर को क्रॉस करते हुए गोरखपुर जाने वाली लेन पर अधिवक्ता की कार से टकरा गई। हादसे में अधिवक्ता की चाची को गंभीर रूप से घायल हो गई।
कार चला रहे अधिवक्ता सुदामा यादव को भी सीने में चोट लगी। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। नौकरानी अनारकली, विनीता को भी चोटें आई। हादसे के बाद जुटे लोगों ने डायल 100 पर सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे खझौजा चौकी प्रभारी मनोज सिंह ने एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान शुक्लावती की मौत हो गई।
पुलिस ने कार और स्कार्पियो का कब्जे में लिया है। प्रत्यक्षदर्शी खझौला के शंभू नाथ, परशुराम चौधरी ने बताया कि स्कार्पियो में बैठे चारों लोगों को भी चोटें आई हैं। लेकिन वे घबराहट में थे। लंगड़ाते हुए निकल गए।