बस्ती। प्रमुख सचिव गृह के साथ ही डीजीपी और एडीजी लॉ एंड आर्डर की हिदायत का इस बार के थाना समाधान दिवस पर असर साफ दिखा। डीआईजी से सर्किल अफसर तक थानों पर पहुंचे और हरसंभव कोशिश करते दिखे।
लक्ष्मी नारायण ने खलीलाबाद कोतवाली और महुली में थाना दिवस का न केवल जायजा लिया बल्कि उपलब्धियों को लेकर सवाल भी खड़े किए। जबकि एसपी ने मुंडेरवा का जायजा लिया। डीआइजी ने बताया कि सबसे ज्यादा राजस्व से जुडे़ प्रकरण सामने आए। जिनमें कब्जा न देने या जबरन कब्जे के विवाद अधिक हैं।
बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर थाने में 18 प्रकरण आए। जिनमें मारपीट, जमीन विवाद एवं मैट्रिमोनियल मामले रहे। इनमें पांच का निस्तारण हो गया। एसीओ चकबंदी की मौजूदगी में कोठवा भरतपुर व मरवटिया बाबू में जमीनी, संबंधी बभनियांव खुर्द में मारपीट एवं लखनहट में अंबेडकर पार्क के संबंध में उठे विवाद का निस्तारण किया गया।
परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार, में समाधान दिवस एसडीएम हर्रैया हरिश्चंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी की मौजूदगी में आयोजित किया गया। इस दौरान आए कुल 11 मामलों में 5 पुलिस 6 राजस्व से संबंधित थे। तीन मौके पर निस्तारित हो गए।
प्रभावती पत्नी रामअजोर मोइयापुर से आई थीं। इनका अपने पति से मुकदमा चल रहा है। कुछ माह पहले प्रभावती मुख्यमंत्री से मिली थीं। मुख्यमंत्री के आदेश पर डीएम बस्ती ने प्रभावती को आवासीय भूमि दी थी। उस पर अभी भी वह काबिज नहीं हो पाई हैं। इसी तरह परशुरामपुर की प्रिया ने पट्टे की जमीन पर कब्जे की शिकायत कीं। एसडीएम ने कानूनगो को टीम गठित कर अतिक्रमण हटाने व कब्जा दिलाने का आदेश दिया।
गौर प्रतिनिधि के अनुसार, एडीएम राकेश कुमार सिंह व एएसपी रोहित मिश्र की मौजूदगी में 10 मामले आए। इनमें सात राजस्व और तीन चकबंदी से संबंधित रहे। निस्तारण की हिदायत देकर दोनों अफसर डुहवा ग्राम सभा में प्रस्तावित थाना भवन की जमीन के संबंध में हलका लेखपाल राम लौट चौबे व प्रधान प्रतिनिधि हरेंद्र सिंह उर्फ घप्पू सिंह से बात की। प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि जिस भूमि पर थाना भवन का निर्माण होना है वह भूमि कुछ किसानों की भूमिधरी है। पैमाइश कराकर संबंधित व्यक्ति को जमीन दे दी जए। लेखपाल रामलौट चौबे ने एडीएम को बताया कि भूमिधरी के बाद भी काफी जमीन बच रही है। उस पर नए थाना भवन का निर्माण हो सकता है। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी टिनिच हरेकृष्ण उपाध्याय, यशवंत सिंह, धनुषधारी प्रसाद, संजय यादव, पारस यादव, अभय वाजपेयी, सत्येंद्र आदि रहे।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार, थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में 14 मामले आए। जिसमें चार का निस्तारण कर दिया गया। जबकि 10 मामलों में जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई। नायब तहसीलदार विजय सिंह, एसओ जयदीप दुबे व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।