मुंडेरवा थाना क्षेत्र के अहरा गांव में बुधवार को आई बारात में डीजे पर डांस करने को लेकर घरातियों-बारातियों में तकरार हो गई। नशे में धुत बारातियों ने जब द्वारपूजा में ज्यादा हंगामा करना शुरू किया तो घरातियों ने उन्हें दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। 100 नंबर पर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह विवाद शांत कराने के बाद अपनी मौजूदगी में विवाह सम्पन्न कराया।
संतकबीरनगर के दुधारा के छपिया गांव से बुधवार रात रामअवध के बेटे दिलीप की बारात अहरा आई थी। करीब नौ बजे अगवानी के लिए बाराती निकली। तमाम बाराती नशे में धुत होकर डीजे की धुन पर नाच रहे थे। काफी देर होने लगी तो कुछ घरातियों ने बारात तेजी से आगे बढ़ाने का आग्रह किया। जो कुछ बारातियों को नागवार लगा। उनमें कहासुनी हो ही रही थी कि किसी बाराती ने घराती पर हाथ छोड़ दिया। मारपीट की खबर घरातियों को मिली तो बारातियों की धुनाई शुरू कर दी। सीओ रुधौली का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझा लिया गया है।