कोतवाली क्षेत्र के ओरीजोत मोहल्ले में रंगदारी मांगने और उसे नहीं दिए जाने पर घर में घुसकर मारपीट की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने छह नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल कपिलमुनि सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच एसआई संतोष कुमार सिंह को सौंपी गई है।
ओरीजोत निवासी अजय कुमार सिंह का आरोप है कि उनके बेटे अमन सिंह से 20 हजार रुपए की मांग की गई। रकम न देने पर 27 फरवरी की रात कुछ लोग घर में घुस गए और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल ने बताया कि शहर के दरिया खां निवासी अभिजीत सिंह, संदीप सिंह उर्फ विक्की, सुपेलवा निवासी बब्लू सिंह उर्फ डंगरिला, रंजित चौराहा निवासी मन्नू पांडेय, रोडवेज निवासी देवांग, अनमोल श्रीवास्तव व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, रंगदारी, मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।