बस्ती। क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर राम सिंहासन सिंह (55) की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरीखुर्द के मूल निवासी राम सिंघासन सिंह 1980 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
छह महीने पहले सिद्धार्थनगर जिले से स्थानांतरित होकर आने के बाद उनकी तैनाती दुबौलिया थानाध्यक्ष के तौर पर की गई थी। मगर खराब स्वास्थ्य के चलते पिछले माह क्राइम ब्रांच में तैनात कर दिया गया था।
बताया जाता है कि मंगलवार की रात वह पुलिस लाइन के पास सड़क पर अचेत अवस्था में गश्त करती पुलिस को मिले। सिविल ड्रेस में होने के कारण पुलिस के लोग उन्हें पहचान नहीं पाए और अज्ञात मानकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर जब सुबह घर के लोग कुशल क्षेम जानने के लिए फोन करने लगे लेकिन बार-बार फोन करने पर जब कॉल रिसीव नहीं हुई तो परेशान होकर आला अफसरों को सूचना दी। तलाश शुरू हुई तो जिला अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी मिली। थोड़ी ही देर में कई अफसर भी अस्पताल पहुंच गए।
एसपी ने बताया कि देर रात उन्हें गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया था। चौकी इंचार्ज व आरक्षी के साथ उन्हें रुपये का इंतजाम करके गोरखपुर भेजा गया था लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इंस्पेक्टर राम सिंहासन सिंह की मृत्यु की सूचना मिलते ही महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। डीआईजी लक्ष्मी नारायण, एसपी शैलेश कुमार पांडेय, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी एसएन सिंह समेत अन्य ने श्रद्धांजलि दी है।