कलवारी थाना क्षेत्र के डारीडीहा गांव के पास दुल्हा दुल्हन को बदमाशो ने लूटा।
संतकबीरनगर से बुधवार रात लूटपाट कर भागे लग्जरी कार सवार बदमाशों ने कलवारी थानाक्षेत्र के बेइली के पास भी दुस्साहसिक घटना को दिया। बदमाश सिद्धार्थनगर से शादी करके लौट रहे दुल्हा-दुल्हन को कार समेत अगवा करके सुनसान स्थान पर ले गए और जमकर पिटाई की । इसके बाद कार में सवार सभी के हाथ-पांव बांधकर ढकेल दिया और सारा सामान लूट कर भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों का छावनी टोल प्लाजा तक पीछा किया लेकिन वहां वे साइड लेन में कार छोड़कर फरार हो गए। दूल्हे की तहरीर पर कलवारी पुलिस ने अज्ञात कार सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र के पौली सोनहन निवासी मो. रफीक की शादी सिद्धार्थनगर बांसी कोतवाली क्षेत्र के तिलौली छिलावल गांव में दोस्त मोहम्मद की पुत्री नूरुन्निशा से बुधवार को संपन्न हुई। वहां से देर शाम बारात संतकबीरनगर के लिए वापस हुई।
दूल्हे की कार में दुल्हन के अलावा दो महिला रिश्तेदार व चालक समेत पांच लोग सवार थे। उनकी कार के साथ बारातियों की दो बोलेरो भी रवाना हुई, लेकिन कार बोलेरो से काफी आगे निकल गई। बस्ती से कलवारी रोड पर कुसौरा से पहले बेइली के निकट निर्माणाधीन पुलिया के पास कार पहुंची थी कि तभी पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर गाड़ी को रोक लिया और ड्राइवर के साइड के शीशे को तोड़कर उसके ऊपर असलहा तान दिया। चार बदमाशों में से दो ने डरा धमका कर गाड़ी में सवार सभी महिलाओं को अपनी कार में बैठा लिया। दूल्हे और कार ड्राइवर छावनी थानाक्षेत्र के अमोढ़ा निवासी मो. नसीम को बेइली तिराहे से दाहिने मुड़कर मसान डीह गांव के पास स्थित स्कूल के पीछे सूनसान जगह पर ले गए। वहां सभी को उतारकर पहले मरा पीटा फिर दूल्हे के साफे से सबका हाथ-पांव दिया और जेवर व नकदी लूट ले गए । एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामूली गफलत में बदमाश निकलने में कामयाब हो गए।