बस्ती। लगातार कई दिनों से शहर के बंद पड़े एटीएम की खबरों के बाद शनिवार को तकरीबन पचास प्रतिशत एटीएम चालू हो गए। एटीएम चालू होने की खबर मिलते ही चालू हुए एटीएम पर लोगों की सुबह से ही कतार लग गई। हालत यह हुई कि दोपहर 12 बजते बजते अधिकांश एटीएम एक बार फिर खाली हो गए। सबसे खराब हालत एक्सिस बैंक के एटीएम की रही जो शनिवार को भी बंद रहे।
कई दिनों से शहर से लेकर ग्रामीण कस्बे तक में एटीएम मशीनों के चालू न रहने के कारण लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ रही है। शनिवार को शहर के आधे एटीएम चालू हो गए। कंपनी बाग पर लगा आईसीआईसीआई, एचडीएफसी और एसबीआई का एटीएम, आंध्रा बैंक का एटीएम, रोडवेज तिराहे पर एचडीएफसी सहित शहर के कई एटीएम चालू होने से सुबह के समय लोगों की भीड़ एटीएम पर उमड़ पड़ी। हर कोई जल्दी से रुपये निकालने की जुगत में था।
इसी बीच दोपहर 12 बजते बजते अधिकांश एटीएम फिर कैशलेस हो गए। दोपहर एक बजे एसबीआई के कंपनी बाग, गांधीनगर, कटरा, रोडवेज के पास बैंक आफ बड़ौदा, यूनियन बैंक सहित कई अन्य बैंकों के एटीएम रकम न होने के कारण बंद मिले। एपीएन पीजी कालेज के पास सेंट्रल बैंक और शहर में स्थित एक्सिस बैंक के दर्जन भर से अधिक एटीएम शनिवार को भी नहीं खुले। उनके शटर गिरे रहे और बाहर मशीन में कैश नहीं की सूचना टांग दी गई। रोडवेज, कटरा चुंगी, कटरा, फौव्वारा चौराहे, कंपनी बाग सहित कई स्थानों पर लगे एक्सिस बैंक के एटीएम एक सप्ताह से बंद पड़े है।
बैंक उपभोक्ता राजेश पाठक, रजनीश त्रिपाठी, देवेंद्र सिंह, घनश्याम कहते हैं कि उन्होंने एटीएम कार्ड की सुविधा इसलिए ली थी कि जब जरूरत होगी, एटीएम से कैश मिल जाएगा, मगर बैंकों की लापरवाही से पिछले तीन दिन से वह जिस भी एटीएम पर जाते हैं, वह या तो बंद मिलता है या फिर उस पर लंबी लाइन। इतना ही नहीं, इधर बैंकों में अवकाश भी अधिक हो रहा है। ऐसे में बैंक उपभोक्ताओं की मुश्किलें दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है।