बस्ती(ब्यूरो)। लोगों को फोन कर बैंक अधिकारी बन एकाउंट नंबर या फिर एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ खातों से रुपये निकालकर लोगों के साथ ठगी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के बेलवाडाड़ी मुहल्ले का है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक के विरुद्ध आईपीसी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार बेलवाडाड़ी मुहल्ला निवासी सुभाश चंद्र द्विवेदी की पत्नी उषा द्विवेदी के मोबाइल पर 7759033803 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपने आपको को बैंक कर्मी बताकर उनका एकाउंट नंबर और एटीएम का पासवर्ड पूछा। वह उसे बैंक कर्मी समझकर एकाउंट नंबर और एटीएम का पासवर्ड बता दीं। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में उनके खाते से 64 हजार रुपये निकाल लिए गए। उषा द्विवेदी की तहरीर पर दीपक वर्मा के विरुद्ध धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने कहा कि मुकदमा पंजीकृत उस नंबर के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है, जिससे महिला को फोन किया गया था। मामले की विवेचना निरीक्षक रामधनी कर रहे हैं।