चोरी द्वारा तोड़ा गया ताला दिखाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे से सटे लच्छीपुर गांव में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात का अंजाम दिया है। शनिवार की रात गांव के एक घर में परिवार की सदस्यों की मौजूदगी के बावजूद चोर सेंध लगाने में कामयाब रहे।
परिवार के सदस्यों की रविवार सुबह जब नींद खुली तो होश उड़ गए। घर के स्टोर सहित एक अन्य कमरे में रखा सारा सामान बिखरा था। घर में रखी नकदी और तीन सेट स्वर्ण आभूषण चोरी हो चुके थे। परिवार के मुखिया कुलदीप सिंह पिछले वर्ष ही एनएचपीसी के सलाल हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
घर की सदस्य निर्मला देवी ने बताया कि उसके पति और दो बेटे रात लॉबी में सो रहे थे। सुबह जब उठकर स्टोर में गई तो सब सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने लोहे की रॉड से सीढ़ियों के साथ लगते दरवाजे को तोड़ा और घर में घुस गए। उन्होंने बताया कि स्टोर में रखे सामान को खंगालने के बाद चोर अपने साथ दो पेटी भी ले गए, जिनके ताले टूटे हुए थे और घर के पास ही मिले। एक अन्य कमरे में रखी अलमारी में भी सेंध लगाई।
उन्होंने बताया कि शायद चोरों ने बेहोशी की दवा का इस्तेमाल किया है। चूंकि पूरी रात घर में चोरी करते रहे चोरों की पास सोए परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी। लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी लच्छीपुर में चोरी की वारदात हुई थी। तब गांव में संदिग्ध सफेद जिप्सी को घूमते हुए देखा गया था और इस बार भी ऐसा ही हुआ है।