माझा निवासी संतोष की सऊदी अरब में मौत के डेढ़ महीने बाद शव पहुंचने पर कोहराम मच गया।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के माझा निवासी संतोष की सऊदी अरब में मौत के डेढ़ महीने बाद शुक्रवार को शव उनके घर पहुंचा। गांव में ताबूत उतरते ही मानो कोहराम मच गया। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से परिवार टूट चुका है। गांव व पास पड़ोस के लोग उन्हें ढांढस बंधाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी वेदना देखकर हर कोई द्रवित है।
घर की जर्जर माली हालत सुधारने के लिए करीब दो वर्ष पहले वह सऊदी अरब गया। पिता उमाशंकर और माता सोना देवी काफी खुश थीं। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा उनकी दशा सुधार देगा। धीरे-धीरे वह कमाकर रुपये भेजने लगा तो परिवार में खुशियां आने लगी थीं। इसी बीच एक मई को फोन के जरिए संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलते ही एक झटके में सारी खुशियां काफूर हो गईं। पत्नी अंजनी सदमे से बेहोश हो गईं। संतोष अपने पीछे बड़ी बेटी नेहा (13), दस वर्षीय बेटे शिवा व सात वर्षीय अनमोल को छोड़ गए हैं।