पुरानी बस्ती क्षेत्र के सम्राट ढाबे के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर सौ नंबर पुलिस पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजी। वहां पहुंचते ही ईएमओ ने बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय शंकर जयकिशन तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
गौर थाना क्षेत्र के आमा निवासी शंकर जयकिशन सोनहा थाने के मझौआ लाल सिंह गांव के अजय उपाध्याय के साथ बृहस्पतिवार को शहर के एक शादी समारोह में शामिल होकर भोर में खलीलाबाद के लिए निकले। पुरानी बस्ती थाने के सम्राट ढाबे के पास जब ये दोनों लोग पहुंचे तो सामने से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आई। ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक को चपेट में लेते हुए आगे निकल गई। आगे जाने पर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। बाइक चालक अजय उपाध्याय की हालत हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
संगीत के अध्यापक थे शंकर जयकिशन
टिनिच/साउंघाट। हिंदी सिनेमा संगीत को बुलंदियों पर पहुंचाने वाली सुपर हिट जोड़ी से प्रभावित होकर टिनिच के बसहवा निवासी ने अपना नाम शंकर जय किशन रख लिया था। घर में संगीत के प्रति लगाव का माहौल मिला तो संगीत साधना को पेशा बना लिया। शुक्रवार को फोरलेन पर हुए हादसे में उन्होंने दम तोड़ दिया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर लहूलुहान हालत में जब शंकर जयकिशन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया तो मेडिकल अफसर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिवार ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि उनकी ससुराल कप्तानगंज क्षेत्र के भरथापुर में गौना था। वहां से दोनों लोग बाइक से खलीलाबाद जाने के लिए निकले। खलीलाबाद में वह किसी प्राइवेट विद्यालय में संगीत पढ़ाते थे। सुबह के साढ़े पांच बजे के आसपास पुरानी बस्ती क्षेत्र में गन्ना लदी ट्रॉली की चपेट में आ गए।