हर्रैया/विक्रमजोत। भारतीय स्टेट बैंक आफ इंडिया की हर्रैया शाखा के कैश काउंटर के पास खड़े युवक से 38 हजार रुपये लेकर उचक्के कार से भागे। चौकड़ी टोल प्लाजा पर रोकने की कोशिश पर बाइक में टक्कर मारकर कार की रफ्तार बढ़ा दी। मगर हियुवा कार्यकर्ताओं की दिलेरी और छावनी पुलिस की तत्परता के चलते उनमें से एक नाटकीय ढंग से दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने खुद को अमेठी जिले के थाना हलियापुर के काकरकोला निवासी धीरेन्द्र सिंह बताया। डीएल-10/सीए/8665 सैंट्रो कार से भागे युवकों की भी उसने शिनाख्त की है, जिसके आधार पर पुलिस उन्हें भी दबोचने के लिए रवाना हो गई।
हर्रैया थाने के जयपाल पुर निवासी वीरेन्द्र पुत्र रामचंदर बृहस्पतिवार को एसबीआई हर्रैया जाकर काउंटर से 38 हजार रुपये निकाले। वहीं पर नोट गिनते समय दो ठगों ने सुनियोजित ढंग से झांसे में ले लिया। बैंक से ही पीछा करते हुए हर्रैया थाने के एसआई अमित कुमार सिंह और पीड़ित वीरेंद्र कुमार के अलावा हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कार का पीछा करना शुरू किया। कुछ कार्यकर्ता छावनी थाने पर पहुंचकर पुलिस को सजग किए। थानेदार हमराहियों के साथ आगे बढ़कर विक्रमजोत के पास रोड बैरियर लगा दिया। इससे पहले चौकड़ी टोल प्लाजा पर कार के सामने बाइक लगाकर रोकने का प्रयास किया गया। मगर बाइक में टक्कर मारते हुए कार लेकर भागे। इधर, घघौआ में पुलिस की घेरेबंदी की भनक लगने पर कार में सवार एक युवक उतर कर भागने लगा। जिसे विक्रमजोत गन्ना क्रय केंद्र पर दबोच लिया गया। एसओ का कहना है कि जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
पेट्रोल ने दगा दिया
हियुवा कार्यकर्ताओं की बाइक में पेट्रोल खत्म न हुआ होता तो कार सवार तीनों उचक्के धर दबोचे गए होते। हालांकि, जान की बाजी लगाकर पीछा करने का साहस दिखाने वाले हियुवा के रतन हिन्दुस्तानी, प्रिंस मालवीय, श्रीवा पाठक, सोनू पाठक, विराट सिंह, मोनू, राजेश चौहान ने पुलिस के लिए भी नजीर पेश की। क्षेत्र में उक्त युवकों की सराहना की जा रही है।