बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में विवादित जमीन पर पेड़ की टहनी काटने को लेकर कुछ लोगों ने शुक्रवार को एकजुट होकर एक परिवार पर लाठी डंडा और कुल्हाड़ी आदि से हमला बोल दिया था। इस घटना में एक शख्स की मौत के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के गैर इरादतन हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
प्रतापपुर गांव में शुक्रवार को विवादित जमीन पर खड़े पेड़ की टहनी काट रहे रामसिंगारे और दूसरे पक्ष के बीच पहले वाद विवाद हुआ, इसके बाद दूसरे पक्ष ने एकराय होकर लाठी-डंडा, कुल्हाडी से रामसिंगारे पर हमला कर दिया। रामसिंगारे को बचाने पहुंचे उसकी पत्नी और बेटियों को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रामसिंगारे की मौत के बाद उसके बेटे मुकेश ने पुलिस को तहरीर देकर आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
जिनके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत हुआ है, उनमें सुरेश पुत्र रामदुलारे, मोनू उर्फ दानबहादुर पुत्र सुरेश, मोनू उर्फ सूरज पुत्र सुरेश, सोनू पुत्र सुरेश निवासी प्रतापपुर, रामकुमार पुत्र लौटू निवासी भाड़ेसर थाना नगर, पेशकार पुत्र रामदुलारे, विनोद पुत्र पेशकार, उमेश पुत्र रामदुलारे निवासी बबुरहिया थाना नगर शामिल हैं।
इस मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक केडी सिंह को सौंपी गई है।सीओ कलवारी एसएन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके हर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, मगर अभी तक कोई भी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। सभी घर छोड़कर भाग गए हैं।