बस्ती। लग्जरी कार से नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाला गिरोह फोरलेन पर बृहस्पतिवार रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हरियाणा और पंजाब के निवासी पांचों बिहार से 80 किलोग्राम गांजा लेकर लौटे थे। इस अंतरराज्यीय रैकेट से जुड़े एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है। लेकिन अभी वह पुलिस की पहुंच से दूर है। एसपी दिलीप कुमार ने बताया कि एसओ पुरानी बस्ती सर्वेश राय को मुखबिरों के जरिए सूचना मिली कि बुधवार रात इनोवा कार से गांजा के पैकेट लादकर कुछ लोग हाईवे होकर हरियाणा जा रहे हैं। बाद में पता लगा कि रात करीब सवा 10 बजे हड़िया फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे कार खड़ी करके सभी तस्कर सो रहे हैं। गश्त टीम ने संदेह के आधार पर तलाशी ली तो उसके अंदर गांजा पाया गया।
कार में हरियाणा के करनाल जिले के निकोसेवाड़ी क्षेत्र के निलोखेड़ी निवासी रोहित, अंबाला शहर निवासी रॉकी, पंजाब के फतेहगढ़ व क्षेत्र के सरहिन्द निवासी लखन उर्फ लखी, लाडी व पटियाला जिले के राजपूरा निवासी शिव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार लखन उर्फ लक्खी नशीले पदार्थ के साथ पंजाब पुलिस के हत्थे पहले ही चढ़ चुका है। पकड़े गए बाकी आरोपियों का पुलिस ब्योरा जुटा रही है। पांचों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी ने पुरानी बस्ती एसओ सर्वेश राय एवं उनकी टीम को 10 हजार पुरस्कार देने का एलान किया है।