रहस्यमय हाल में महिला की मौत, लटकी मिली लाश
आत्महत्या करने की चर्चा, कराया जा रहा पोस्टमार्टम
नगर थानाक्षेत्र के कटरुआ रोझिया गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार (बस्ती)। क्षेत्र के रोझिया गांव की 32 वर्षीय महिला की बृहस्पतिवार दोपहर रहस्यमय हाल में मौत हो गई। परिवार के लोगों का कहना है कि लगभग साढ़े 11 बजे छत की कुंडी में बंधे दुपट्टे के फंदे से बंधा शव लटका देखा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर थाने के कटरुआ ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम रोझिया निवासी जितेन्द्र राजगीर है, जो बृहस्पतिवार को वहीं पास के किसी गांव में दीवार बनाने गया था। पिता राम पियारे भैंस चराने गए थे। घर पर उसकी 32 वर्षीय पत्नी मीना अकेली थी। जितेन्द्र के अनुसार दोपहर के वक्त काम से आकर जब उसने खाना लाने के लिए आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कुछ देर इंतजार के बाद फिर बुलाने पर भी जब कोई आहट नहीं हुई तो उसने खिड़की के रास्ते अंदर देखा तो पैरों तले जमीन सरक गई। परिवार के लोग आसपास के लोगों की मौजूदगी में उसे उतार कर अस्पताल ले जाने लगे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी। थाना प्रभारी अनिल कुमार के अलावा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार अभी तक आत्महत्या का प्रकरण प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम में यदि कोई संदेहास्पद रिपोर्ट आई तो पुलिस उस हिसाब से कार्रवाई करेेगी। हालांकि, किसी ने तहरीर नहीं दी है।