संदिग्ध हाल में दुकानदार की मौत, हत्या की आशंका
हर्रैया क्षेत्र के मचोइया पुल के पास मिला शव
त्रिलोकपुर में चाय की दुकान चलाते थे बलराम
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/हर्रैया। थाना क्षेत्र के केशवापुर मचोइया पुल के निकट दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के पिनेसर गांव के बलराम त्रिलोकपुर बाजार में चाय की दुकान चलाते थे। दुकान से ही परिवार का पालन-पोषण होता है। मंगलवार रात करीब 12 बजे उनका शव और बाइक खैरी गांव के सामने मचोइया पुल के पास मिला। रात होने के कारण काफी देर तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा। रात में जब हर्रैया थाने की पुलिस गश्त करने के लिए निकली तो बाइक और उसके बगल में एक युवक का शव पड़ा था। जेब में मिले आधारकार्ड के जरिए बलराम की पहचान हुई। पुलिसवालों ने रात एक बजे पिनेसर गांव के प्रधान अर्जुन प्रसाद के मोबाइल पर घटना की जानकारी दी। बलराम के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं दिखे। बाइक हल्की क्षतिग्रस्त थी। सूचना पर थाने पर पहुंचे परिजन शव देखकर चीखने लगे। भाई उमेश ने बताया कि रात 11 बजे वह घर से दुकान पर जाने के लिए निकले थे। बलराम की मौत से माता सुमित्रा देवी, पत्नी नीलम, बच्चे अंकित (8), बेटी हिमांशी (13) का रो-रोकर बुरा हाल है। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।