बस्ती। शहर के कटरा मूड़घाट मोड़ के पास बृहस्पतिवार रात गणेश प्रतिमा पंडाल के पास दो समुदायों में बवाल होते-होते बचा था। पुलिस की सूझबूझ से मामले को शांत करा दिया गया था। शनिवार को चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक एसपी दिलीप कुमार ने जुलूस ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सख्त कदम उठाया है। कोतवाली थाने के कटरा बड़ेवन पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह तथा कांस्टेबल कमलेश सरोज को निलंबित करने के बाद गौर थाने के बभनान चौकी प्रभारी जय प्रकाश दुबे को कटरा चौकी का इंचार्ज बनाया है। जयप्रकाश दुबे की जगह परशुरामपुर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक जयप्रकाश पांडेय को बभनान चौकी का प्रभारी बनाया गया है। जयप्रकाश दुबे पहले भी कटरा चौकी प्रभारी रह चुके हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दुबे की पकड़ दोनों समुदायों में बेहतर है। ताकि 23 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन में इस तरह का कोई बखेड़ा दोबारा न हो सके। क्योंकि पंडाल में पत्थरबाजी पर लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रतिमा विसर्जन नहीं करने की बात कही है। बृहस्पतिवार रात विवाद उस समय बढ़ गया था जब मूड़घाट की ओर से मातमी जुलूस तिराहे पर आ पहुंचा। ताशे की तेज आवाज पर गणेश प्रतिमा पंडाल के लोगों ने विरोध जताया। नहीं मानने पर पंडाल में लगे डीजे की आवाज तेज कर दी थी। इसी बीच शरारती तत्वों ने पंडाल में पत्थर फेंक दिए थे। मौके पर पहुंची पुलिस और उच्चाधिकारियों के प्रयास से मामला शांत हो सका था।