बस्ती। वरिष्ठ अधिवक्ता जगनरायन यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी राम अवतार को पुलिस ने दुबौलिया से गिरफ्तार कर लिया। जेल के भीतर बनी इस हत्याकांड की योजना में शामिल बाकी सात नामजद अभियुक्तों से पूछताछ करने पुलिस जिला कारागार में पहुंची थी।
बृहस्पतिवार की दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे दीवानी कचहरी परिसर में शेड में घुसकर हमलावर ने अधिवक्ता जगनरायन को गोली मार दी थी। पुलिस और अधिवक्ता के परिवार वालों का कहना है कि घटना में सुपारी किलर नौवां अभियुक्त भी शामिल है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जेल में बंद पुराने हिस्ट्रीशीटरों से भी पूछताछ की जा रही है। इन सबके बीच पुलिस अधिवक्ता और उनके परिवार से जुड़े अन्य विवादों के बारे में भी छानबीन कर रही है। एसपी पंकज कुमार का कहना है कि तहरीर में जताई गई रंजिश, हालात और अन्य तमाम पहलुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है।
इस मामले में अधिवक्ता की पत्नी सुशीला की तहरीर पर पुलिस ने कप्तानगंज के करमिया बसंतलाल गांव निवासी तिलकराम, सतीराम, शिवमूरत, कन्हैयालाल, राम अवतार, रामसूरत, विश्वनाथ और रम्मन के खिलाफ हत्या, साजिश व सेवन क्रिमिनल्स लॉ के तहत ज्ञात-अज्ञात मिलाकर नौ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। नौवां अभियुक्त गिरफ्तार हुए राम अवतार का सहयोगी बताया जा रहा था।
दोबारा एक्सरे कराने पर निकली गोली
पोस्टमार्टम में अधिवक्ता के शरीर में गोली नहीं मिली। ऐसे में दोबारा एक्सरे कराना पड़ा। तब जाकर गोली का पता चला। पोस्टमार्टम के दौरान हाउस से लेकर अस्पताल तक अधिवक्ताओं, परिवारीजनों और सगे संबंधियों का तांता लगा रहा।
हत्या में आरोपी राम अवतार यादव गिरफ्तार
बस्ती। अधिवक्ता हत्याकांड के आरोपी राम अवतार यादव को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। देरशाम पुलिस के पीआर सेल से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि जेल में बैठे परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ विपक्षी जगनरायन यादव से बदला लेने को उकसाया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एमपी चतुर्वेदी के अलावा टीम के एसआई कन्हैया पाण्डेय, कांस्टेबल आनन्द प्रकाश यादव, हरेन्द्र यादव एवं कांस्टेबल राहुल सिंह ने राम जानकी मार्ग पर स्थित दुबौलिया थाने के शुकुलपुरा बाजार से शुक्रवार दोपहर 12.15 बजे गिरफ्तार किया। एसपी दिलीप कुमार ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।