मलबे में दबा मजदूर, मौत
पैकोलिया। मरवटिया बाजार में पुराने घर को गिराने के दौरान दीवार ढह गई। जिसके मलबे में दबने से एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के मरवटिया बाजार ( वार्ड नं सात लक्ष्मीबाई नगर बभनान ) में स्व. प्रेमकुमार गुप्ता का पुराना मकान था। उस मकान के ऊपर पिलर पर कमरे बनाकर उनका परिवार रहता है। पत्नी किरन गुप्ता ने पुराने मकान की दीवार गिराने के लिए चार मजदूर लगा रखे थे। शनिवार करीब 12 बजे गोंडा जिले के छपिया थानाक्षेत्र के सगदरपुर निवासी 32 बर्षीय राम आशीष पर काम के दौरान ही अचानक भरभराकर दीवार गिर गई। मलवे में दब जाने से राम अशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने आनन-फानन में उसे बभनान अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने गम्भीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बस्ती जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे राम अशीष के परिवार के लोग जिला अस्पताल के बजाय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। परिवार के लोग शव लेकर मरवटिया बाजार पहुंचे और शव मकान मालिक से दो लाख रुपये मुआवजे की मांग करने लगे। किसी ने सूचना पैकोलिया पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे एसओ अवधेश राज सिंह ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। मृतक राम अशीष के चार साल की बेटी और छह माह का एक बेटा है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।