छावनी क्षेत्र के एक गांव में 24 जून की रात चोरी के बाद तीन साल के मासूम के साथ दुष्कर्म के मामले का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। क्राइम ब्रांच व पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे खतम सराय गांव के पास से बुधवार की रात उसे तब गिरफ्तार किया जब वह घर से भागने की फिराक में था। आरोपी के पास से पुलिस ने चार मोबाइल व 950 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी जितियापुर गांव के राम अवतार ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाएं भी कबूल की हैं। बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह इधर-उधर छिपता फिर रहा था।
उल्लेखनीय है कि छावनी क्षेत्र के एक गांव में 24 जून को घर में घुस कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद मां के पास सो रही मासूम को चोर ने उठा लिया और घर के अहाते में उसके साथ दुष्कर्म किया। हालांकि पहले तो पुलिस ने मामले की लीपापोती का प्रयास किया, मगरएसपी व पुलिस के अन्य उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस ने गिरफ्तारी की ।
दुष्कर्म का वांछित गिरफ्तार
पैकोलिया। पुलिस ने क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को छह माह पूर्व बहला फुसला कर भगा ले जाने व दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह बभनान रेलवे स्टेशन से उस समय दबोचा जब वह कहीं भागने की फिराक में था। थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बहन को भगा ले जाने व दुष्कर्म करने के मामले में 23 जनवरी 2017 को अपहरण ,दुष्कर्म व पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पीड़ित ने हर्रैया थाना के बछनापुर निवासी दुर्गेश वर्मा को आरोपी करार दिया था। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही दुर्गेश की तलाश कर रही थी।