दुराचार में नाकाम युवक ने पड़ोसन को धुना
पूरामुफ्ती इलाके में बुधवार की दोपहर हुई घटना, एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पूरामुफ्ती इलाके में बुधवार की दोपहर युवक ने पड़ोसन के साथ दुराचार का प्रयास किया। विवाहिता के विरोध करने पर दुराचार में नाकाम युवक पिटाई करते हुए भाग निकला। देर शाम पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता बुधवार की दोपहर घर में अकेली थी। बताया कि दोपहर परिवार के लोग खेत की ओर गए थे। घर में वह अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला युवक बहाने से घर के भीतर पहुंचा। अकेली देख दबोच कर उसे कमरे में उठा ले गया। इसके बाद मुंह दबाते हुए दुराचार का प्रयास करने लगा। युवक का दुस्साहस देख विवाहिता ने विरोध किया। इस पर दुराचार में नाकाम युवक उसे बेरहमी से पीट दिया। पड़ोसन को पीटने के बाद युवक कहीं भी शिकायत पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। घर लौटे परिजनों को विवाहिता ने आपबीती बताई तो वह सन्न रह गए। देर शाम पति के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पुरानी रंजिश में विवाहिता के साथ मारपीट हुई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।