दलित सम्मान को कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा
कांग्रेस भवन से नगर पालिका परिषद तक निकाली पदयात्रा
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दलित सम्मान दिवस मनाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा व अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष बृजेश आर्य की अगुवाई में पार्टी कार्यालय से नगर पालिका तक पदयात्रा निकाली। नगर पालिका परिसर में स्थित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दलित समाज को उनका हक दिलाने का संकल्प लिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार दलित विरोधी है। दलित माताओं बहनों एवं भाइयों पर हमले हो रहे हैं। कानून व्यवस्था का खुला उल्लंघन हो रहा है। अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में दलित असुरक्षित है। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। चंदौली में दबंगों ने दलित परिवार का घर जला दिया। कानपुर में जाति पूछकर दलित उनके परिवार वालों को मारापीटा गया। गोरखपुर में एक सरकारी दलित कर्मचारी की हत्या कर दी गई। ऐसी न जाने कितनी घटनाएं रोजाना हो रही हैं। ऐसे में कांग्रेस दलितों को उनका मान सम्मान दिलाने के लिए चरणबद्ध ढंग से संघर्ष शुरू किया है। पदयात्रा के बाद पार्टी कार्यालय पर जितेंद्र कुमार गौतम, पंकज आर्य, जयप्रकाश गौतम को अंकुर वर्मा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में प्रेमशंकर द्विवेदी, जयंत चौधरी, शकुंतला देवी, संजय कन्नौजिया, सोमनाथ निषाद, विकास वर्मा, ज्ञानप्रकाश पांडेय, मो. गुलाम, सूरज गौतम, सुशील कुमार, अंकित कुमार, अभय भारती, राज बहादुर निषाद, ओंकार निषाद, शिवमंगल, राजेश साहनी आदि मौजूद रहे।