सीएम ने दिखाई संचारी रोग नियंत्रण वैन को हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बस्ती से संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। माह भर चलाए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रम के वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को बीमारी के प्रति आगाह करेगी। मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में लगाई गई स्वास्थ्य व विकास विभाग के प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
सीएम के आने का समय 12.40 बजे तय था, मगर वह करीब 2.05 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक सदर दयाराम चौधरी, हर्रैया अजय सिंह, रुधौली संजय प्रताप जायसवाल, महादेवा रवि सोनकर व कप्तानगंज सीपी शुक्ल से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, कृषि मंत्री श्रीराम चौहान व जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल के साथ स्वास्थ्य के अलावा संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक में शामिल विकास सहित 12 अन्य विभागों के स्टाल का भी अवलोकन किया। इस मौके पर जिले के सभी 13 ब्लॉकों के प्रमुख, कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा के तमाम दिग्गज मौजूद रहे।