मेडिकल कॉलेज : 13 दिन से सीटी स्कैन बंद, 500 की जगह 2500 खर्च कर रहे मरीज
बस्ती। जनपद के मेडिकल कॉलेज में तमाम संसाधन मौजूद हैं। मशीनों के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट भी तैनात हैं। लेकिन, 13 दिनों से सीटी स्कैन मशीन खराब है जिससे मरीज बाहर जाकर महंगी सुविधा हासिल करने को मजबूर हैं। लेकिन, जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। वे संबंधित कंपनी को पत्र लिखे जाने की बात कह कर पल्ला झाड़ रहे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था पर वे मौन हैं।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक चिकित्सालय कैली संसाधनों के मामले में बेहद धनी है। यहां सभी सुविधाएं सस्ते दर पर उपलब्ध होती हैं। डायलेसिस, अल्ट्रासाउंड, डिजीटल एक्स-रे व सीटी स्कैन की सुविधा मिलती है। हालांकि यहां अव्यवस्था की मार भी है, मगर उसी में मरीजों की जांच हो जाती है। इधर 13 दिन से सीटी स्कैन खराब होने के कारण मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।
निजी सेंटर पर 25 सौ, मेडिकल कॉलेज में पांच सौ शुल्क
बस्ती। सीटी स्कैन का शुल्क मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक चिकित्सालय, कैली में मात्र पांच सौ रुपये है जबकि निजी सेंटरों पर सामान्य सीटी स्कैन का 25 सौ रुपये तक शुल्क लिया जाता है।
बोले मरीज
शहर के निवासी रामनाथ को चिकित्सक ने सीटी स्कैन कराने का सुझाव दिया है। यह चिकित्सक से सुझाव लेने के बाद सीटी स्कैन कराने पहुंचे तो पता चला कि अभी मशीन ठीक नहीं है। ऐसे में अब मजबूरन बाहर जांच करानी होगी। कहा कि अक्सर इस अस्पताल में जांच में दिक्कत आती है।
महसों के दीपक सिंह भी घर के एक सदस्य को दिखाने पहुंचे। चिकित्सक ने सीटी स्कैन की सलाह दे दी। अब वे इस जांच के लिए घंटे भर परेशान रहे। बताया कि गार्ड ने यह सूचना दी है कि सीटी स्कैन मशीन खराब है। अब मरीज को लेकर निजी अस्पताल में जाएंगे, जहां करीब दो हजार रुपये खर्च होंगे।
इसी क्षेत्र की अंजू गौतम ने बताया कि वे तीन दिन से सीटी स्कैन कराने के लिए आ रही हैं। यहां के लोग हर दिन मशीन ठीक हो जाने की बात कह कर लौटा देते हैं। इस अस्पताल से जांच कराना आसान नहीं है। क्योंकि इनकी जब भी यहां आओ कोई न कोई मशीन ठप रहती है।
सोनूपार निवासी अजीत ने कहा कि यहां 13 दिन से मेडिकल कॉलेज का सीटी स्कैन खराब हो गया है, जिससे अस्पताल में मरीजों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। हर दिन 30 से चालीस सिटी स्कैन के मरीज यहां आते हैं। मेडिकल कॉलेज की स्थिति ठीक नहीं है।
बोले प्राचार्य
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि सीटी स्कैन मशीन खराबी संज्ञान में हैं। इसे ठीक कराने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया है। मशीन के खराबी के संबंध में कंपनी ही कुछ बता सकती है। प्रयास है कि जल्द से जल्द सीटी स्कैन ठीक हो जाए जिससे मरीजों को इसका लाभ मिल सके।