अलग-अलग हुए विवाद में 16 पर मुकदमा
- वाल्टरगंज, कलवारी, नगर, दुबौलिया, कप्तानगंज थाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मोबाइल पर अपशब्द कहने व जान से मारने की धमकी देने के एक मामले में वाल्टरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में अब्दुल कलाम निवासी जमदाशाही थाना वाल्टरगंज ने तहरीर दी। पुलिस ने उसी गांव के मोहम्मद अहमद पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
इसी थाने के एक अन्य मामले में पुलिस ने जिनवा सेमरहवा निवासी चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। राजेश ने फूलचंद्र, उसकी पत्नी के अलावा हनुमान व प्रदीप ने पेड़ काटने के विवाद में जान से मारने की धमकी दी और अपशब्द कहा। कलवारी पुलिस ने राजपुर बैरिहवा निवासी सुक्खू की तहरीर पर गांव के सोना, मीरा पत्नी मकालू उर्फ राधेश्याम, राधेश्याम व जोखना पत्नी भागीरथी के विरुद्ध पुरानी रंजिश में मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। नगर थाने की पुलिस ने फेसबुक पर फोटो पोस्ट करने के विवाद को लेकर मारने-पीटने, गाली और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में मायाराम निवासी कमठहिया ने तहरीर दी। जिसके आधार पर संदीप कुमार, अशोक व पवन निवासी कमठहिया व बसुआपार निवासी अजीत को नामजद किया गया है। इसी प्रकार दुबौलिया पुलिस ने डिंगरापुर में झाड़ लगाने के विवाद में निर्मला देवी की तहरीर पर लौटू, शनि, लालती देवी व अंजली पुत्री कन्हैया के खिलाफ मारपीट व अपशब्द कहने का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि कप्तानगंज पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय बरहपुर पर मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए हुए विवाद में बीएलओ राधा देवी की तहरीर पर गांव के अखिलेश मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि अखिलेश मिश्र फर्जी नाम बढ़वाने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर अपशब्द कहते हुए अभिलेख फाड़ दिए।