कप्तानगंज (बस्ती)। लखनऊ से बस्ती की तरफ आ रही कार मंगलवार को बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के अतरौली गांव के पास जानवर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई।
इसमें बस्ती के रहने वाले ग्राम सचिव समेत तीन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार सवार लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने सभी को छुट्टी दे दी है।
दुर्घटना की सूचना पाने के बाद परिजन बस्ती से बाराबंकी पहुंचे। बस्ती सदर ब्लॉक में तैनात ग्राम सचिव आनंद सिंह किसी काम से अपनी कार से दो अन्य मित्रों के साथ सोमवार को लखनऊ गए थे।
लौटते समय मंगलवार की भोर में तीन बजे बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के अतरौली गांव के पास उनकी कार के सामने एक जानवर आ गया। उसे बचाने के चक्कर कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराने के बाद खंभे से टकरा गई।
हादसे में ग्राम सचिव आनंद सिंह, दीपक कुमार निवासी सिकटा थाना दुबौलिया, तरुण कुमार सिंह निवासी चंदो थाना नगर घायल हो गए। नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने तीनों को घर जाने की सलाह दे दी है। परिजन घायलों को घर लेकर पहुंचे। संवाद