मतदान से लौट रहे बसपा, भाजपा समर्थकों में मारपीट
विक्रमजोत ( बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के अतरौरा झाम मतदान केंद्र से लौट रहे दो पार्टियों के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार देर शाम गोपालपुर गांव के पास रास्ते में बातचीत के दौरान आक्रोशित होकर आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान 6 युवकों को चोटें आई हैं। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। सूचना पर पहुंचे छावनी थानाध्यक्ष रोहित कुमार उपाध्याय ने मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। वहीं, मारपीट में घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए छावनी भेजा। दोनों पक्षों में ईंट- पत्थर भी चलने की सूचना है। थानाध्यक्ष रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दो बाइकों की टक्कर में चार घायल, दो गंभीर
मानिकचंद ( बस्ती)। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती बांसी मार्ग पर स्थित पड़िया पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें चार लोग घायल गए। जिनमें दो की हालत गंभीर है। थाना क्षेत्र के सिसवारी निवासी मुबारक अली 35 व सचिन 16 वर्ष जो एक ही बाइक से बस्ती की तरफ जा रहे थे। वहीं, बस्ती से रुधौली की तरफ जा रहे रुधौली थाना क्षेत्र के पैंड़ा गांव निवासी राम चरन 40 व संतकबीरनगर जिले के बांकेचोर निवासी राजेश कुमार 22 की आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें मुबारक व रामचरन के सिर व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वाल्टरगंज थाने के एसआई सुभाष चंद्र मौर्या व सत्येंद्र कुमार ने आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया।