बोर्ड परीक्षा केंद्रों का ऑनलाइन होगा निर्धारण
बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड 2022 की परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पारदर्शिता लाने के लिए इस बार जियो टैग से ऑनलाइन केंद्र निर्धारण होगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने डीआईओएस को पत्र भेजा है। कहा गया है कि जिला स्तर पर गठित समिति से विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का सत्यापन कराके परिषद की वेबसाइट पर 25 अगस्त तक अपलोड कर दें।
जिले में 382 विद्यालय हैं। इनमें 23 राजकीय, 70 सहायता प्राप्त और 289 वित्तविहीन स्कूल हैं। बोर्ड की परीक्षा देने के लिए 74016 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा कराने के लिए बोर्ड की ओर 120 विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कोविड संक्रमण के कारण परीक्षा नहीं हो पाई। फिर भी केंद्र बनाने के लिए कई स्कूलों ने केंद्र दूरी अधिक होने की आपत्तियां की थीं। पत्र में कहा गया है कि यूपी बोर्ड 2022 की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण के लिए विद्यालयों की ओर से उपलब्ध मूलभूत सुविधा एवं भौतिक संसाधनों के बारे में सूचना दी जाए। उसकी जांच जिला स्तर पर एक समिति का गठन कर कराया जाए। इसकी रिपोर्ट समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य और डीआईओएस कार्यालय की ओर से परिषद की वेबसाइट पर 25 अगस्त तक अपलोड किया जाएगा। दरअसल, अक्सर शिकायत मिलती है कि केंद्र निर्धारण में विद्यालय के मध्य दूरी अधिक है।
डीआईओएस डीएस यादव ने कहा कि मुख्यालय से पत्र आया है। इसकी सूचना जल्द प्रधानाचार्यों और केंद्र निर्धारण समिति को दी जाएगी। समय से परिषद की वेबसाइट पर अपलोड भी कर दिया जाएगा। प्रक्रिया शुरू हो गई है।