तहसील का घेराव करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
भानपुर। किसान समस्याओं के समाधान नहीं होने से भाकियू टिकैत गुट नाराज हो गया। मंगलवार को तहसील कार्यालय के दोनों मुख्य गेट में ताला लगा दिया। 10 मिनट तक एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी लोग अंदर ही रहे।
भाकियू टिकैत गुट की ओर से मंगलवार को तहसील परिसर में तहसील अध्यक्ष श्यामनरायन सिंह के नेतृत्व में किसान पंचायत शुरू हुई। जिसका संचालन केएन श्रीवास्तव ने किया। किसान पंचायत में आठ विभागों के जिम्मेदारों को आना था लेकिन ज्ञापन का समय बीत जाने के बाद भी किसी भी विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे नाराज किसानों ने पंचायत स्थल से उठकर तहसील के दोनों गेटों पर ताला लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ते देखकर एसडीएम राजेश सिंह व तहसीलदार नवीन प्रसाद ने किसानों से बात की और ताला खोलने की अपील की। जिस पर किसानों ने ताला खोलकर अधिकारियों को बाहर निकाला और अपनी बात रखी। किसानों ने तहसील में एकल खिड़की पर प्रति खतौनी पांच रुपये अधिक लिए जाने पर रोक लगाने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने, प्राइवेट विद्यालयों के बढ़ती फीस पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही आपूर्ति विभाग की ओर से कोटेदारों से वसूली रोकने की मांग की गई। किसानों से वार्ता के पश्चात राजस्व से जुड़े मामलों का एसडीएम ने फौरी तौर पर समाधान का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस मौके पर बंधु चौधरी, गंगाराम चौधरी, राम जीत, राम नरेश, हृदयराम, कपिल देव, राजेन्द्र प्रसाद, पीताम्बर मौर्या सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।