बाइक मिस्त्री निकला वाहन चोरों का सरगना, दो गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस को मिली कामयाबी, चोरी की तीन बाइक बरामद
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। इसमें एक बाइक मिस्त्री और दूसरा कबाड़ का व्यवसाय करने वाला बताया जा रहा है। दोनों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की गई है। एक शहर के पचपेड़िया मार्ग व दूसरी बाइक हरदिया चौराहे से चोरी की गई थी।
पुलिस कार्यालय के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शिवाकांत मिश्र व उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह चौकी प्रभारी रौतापार व स्वॉट प्रभारी राजकुमार पांडेय की टीम सोमवार सुबह 10:55 बजे कल्पना मोड़ पर वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रोडवेज की तरफ से बाइक सवार दो युवक तेज रफ्तार से रौतापार की तरफ आते दिखे। पुलिस को देख दोनों मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक ने अपना नाम कमलेश प्रजापति निवासी नगहरा थाना नगर व दूसरे ने धनश्याम निवासी नगर खास थाना नगर बताया। पुलिस के अनुसार कमलेश ने खुद को बाइक मिस्त्री बताया और उसने कबूल किया कि उसका साथी घनश्याम गुप्ता कबाड़ी का काम करता है। दोनों साथ वाहन चुराते हैं। मिस्त्री गाड़ी के सभी पुर्जे खोल देता है और उसका साथी कबाड़ में बेच देता है। आरोपित कमलेश प्रजापति ने बताया कि यह वाहन सात आठ दिन पहले मुस्कान पैलेस पचपेड़िया मार्ग से दोनों ने चोरी की थी। जबकि धनश्याम ने बताया कि 12 से 20 दिन पहले हरदिया चौराहे से दोनों ने वाहन को चुराया था। कड़ाई से पूछताछ कर पटेल चौक टोल प्लाजा के बीच में सड़क के किनारे झाड़ी में छिपाई एक और बाइक बरामद की गई, जिसे रौता चौराहे से चोरी करने की बात दोनों ने कबूल की।