विधान परिषद चुनाव के लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त
बस्ती। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के नौ अप्रैल को होने वाले मतदान को शांतिपूर्वक कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने पांच जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ मतदेय स्थल का नियमित भ्रमण करते रहेंगे और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे ताकि मतदान के दिन कोई अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। निर्देश दिया है कि जोनल मजिस्ट्रेट की देखरेख में आठ अप्रैल को सुबह दस बजे से कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मतदान के बाद नौ अप्रैल की शाम को शिवहर्ष पीजी कॉलेज में स्ट्रांग रूम में बैलट बॉक्स एवं अन्य सामग्री जमा कराएंगे।
डीएम ने बताया है कि परसरामपुर, विक्रमजोत एवं गौर ब्लॉक के लिए एसडीएम शैलेश कुमार दुबे तथा सीओ शेषमणि उपाध्याय, कप्तानगंज, दुबौलिया एवं हर्रैया ब्लॉक के लिए एसडीएम अतुल आनंद तथा सीओ प्रीति खरवार, सदर, साऊघाट एवं सल्टौवा गोपालपुर ब्लॉक के लिए एसडीएम आनंद सिंह श्रीनेत तथा सीओआलोक प्रसाद जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कुदरहा, बहादुरपुर एवं बनकटी ब्लॉक के लिए एसडीएम रुधौली गुलाबचंद तथा सीओ विनय चौहान, रुधौली एवं सोनहा के लिए एसडीएम गिरीश कुमार झा व सीओ अंबिका राम को जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
किसान पीजी कॉलेज में 12 अप्रैल को होगी मतगणना
बस्ती। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के द्वारा अनुमोदन किए जाने के पश्चात बस्ती, सिद्धार्थनगर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन की मतगणना शिवहर्ष किसान डिग्री कॉलेज बस्ती में कराई जाएगी। 12 अप्रैल सुबह आठ बजे से आयोग की अनुमति प्राप्त होने के पश्चात शिवहर्ष किसान डिग्री कॉलेज में शुरू की जाएगी तथा आयोग के निर्देशानुसार लिखित अनुमति प्राप्त होने के उपरांत मतगणना परिणाम की घोषणा की जाएगी।
नौ व 12 अप्रैल को बंद रहेगी शराब की दुकान
बस्ती। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन 2022 में मतदान नौ अप्रैल तथा मतगणना 12 अप्रैल को शुष्क दिवस के रूप में घोषित किया गया है। यह जानकारी डीएम सौम्या अग्रवाल ने दी है। बताया कि मतदान के दिन नौ अप्रैल को प्रत्येक मतदान केंद्र के आठ किमी के भीतर स्थित विदेशी मदिरा, बीयर, देशी मदिरा, ताड़ी एवं भांग की सभी दुकान मतदान की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व की अवधि के दौरान बंद रहेंगी। मतगणना 12 अप्रैल को कराई जाएगी। इस दिन भी सभी दुकाने बंद रहेंगी।