नगर बाजार के शिवाजी वार्ड में टूटी बेंच। संवाद
नगर बाजार (बस्ती)। आदर्श नगर पंचायत के शिवाजी वार्ड स्थित तालाब के सुंदरीकरण कार्य को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाते हुए बृहस्पतिवार की रात को बेंच और फर्श तोड़ दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हरकत विकास कार्यों को बाधित करने की ओछी मानसिकता का परिणाम है।
इससे पहले भी कई बार स्ट्रीट लाइट के कंडक्टर चोरी हो चुके हैं। विकास कार्यों के शिलापट्ट तोड़े जाने की घटना भी सामने आ चुकी हैं। लगातार तोड़फोड़ की इन घटनाओं ने नगर पंचायत प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को चिंतित कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह, राजकुमारी तलाशि कुंवरि और जननायक सरजू भगत निषाद की पावन भूमि पर विकास कार्यों में बाधा डालने की यह कोशिश कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने क्षतिग्रस्त ढांचे का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है। संवाद