बस्ती। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रामानंद बुधवार को औचक निरीक्षण करने सीएचसी विक्रमजोत पहुंच गए। यहां उन्होंने चिकित्सा सुविधाएं जांची। दवा उपलब्धता, जांच किट समेत बेड आदि की जांच की।
एडी हेल्थ सुबह साढ़े 10 बजे सीएचसी पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की। एमओआईसी डॉ. आसिफ फारूकी से जानकारी ली। एडी हेल्थ ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान के तहत माह में चार बार गर्भवती को निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा देनी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने बताया कि टोकन न कटने पर शिविर में अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया था। इस पर एडी हेल्थ ने निर्देश दिया कि तकनीकी दिक्कतें न आने पाए। बताया कि अवधेश नर्सिंग होम को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान के तहत निशुल्क अल्ट्रासाउंड के लिए अबद्ध किया गया है। एमओआईसी से कहा कि चारों सत्र का निरीक्षण करें और रिपोर्टिंग करें। एडी हेल्थ ने प्रसव कक्ष और गर्भवती समेत प्रसूताओं से बातचीत कर जानकारी ली। संवाद कर हकीकत जांची। इसके बाद एडी हेल्थ विक्रमजोत क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भ्रमण कर ठोकर नंबर 10 पर स्थापित बाढ़ चौकी पर उपलब्ध सेवाओं को देखा। कहा कि बाढ़ प्रभावितों को कोई असुविधा न होने पाए। ओआरएस घोल पाउडर समेत अन्य जांच सुविधा मिले। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से संवाद कर चिकित्सा सुविधा आसानी से मुहैया हो रहा है कि नहीं जानकारी ली।