रंग लाई परिवहन मंत्री की हिदायत, आधा दर्जन डग्गामार बसें सीज
- आरटीओ प्रवर्तन रविकांत शुक्ल की टीम ने की अवैध बसों पर कार्रवाई
- बस्ती बस डिपो में खड़ी की गईं बसें, भारी-भरकम जुर्माना लगेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में तीन दिन पहले आए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अवैध बसों के खिलाफ कार्रवाई कर विभाग के अधिकारियों को एक बड़ी नसीहत दी है। एक्शन में आए संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रविकांत शुक्ल व सहायक परिवहन अधिकारी अरुण प्रकाश चौबे की टीमों ने मंगलवार को आधा दर्जन बसों को पकड़ कर सीज कर दिया।
लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर अवैध बसों का संचालन लंबे समय से हो रहा था। इसकी शिकायत भी बहुत हुई, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकल रहा था। इसी बीच अचानक 10 जून को एपीएन पीजी कॉलेज में छात्रसंघ का उद्घाटन करने आए सूबे के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बस्ती की सीमा में ही घघौवा के पास अवैध बस पकड़ लिया और लगे हाथ विभागीय अधिकारियों को हिदायत भी दे दी कि अगर ऐसे ही रहा तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मंगलवार को आरटीओ प्रवर्तन रविकांत शुक्ल, एआरटीओ प्रशासन अरुण प्रकाश चौबे व यात्री कर अधिकारी राजेंद्र प्रसाद की टीम ने मड़वानगर टोल प्लाजा व चैनपुरवा पुल के पास जांच शुरू कर दिया और एक-एक कर छह डग्गामार बसें उनके शिकंजे में फंसती चली गईं। पकड़ी गई इन बसों में तीन का परमिट नहीं है और तीन बसें भी अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। टीम ने उन्हें बस्ती बस डिपो परिसर में लाकर खड़ा करवा दिया है। आरटीओ प्रवर्तन शुक्ल ने बताया कि इन बसों पर तकरीबन छह से सात लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। कारण यह है कि बिना परमिट की बसों का छह गुना जुर्माना लगाया जाता है। आरटीओ ने दावा किया कि अब एक भी बस का अवैध संचालन मंडल की सीमा में नहीं हो रहा है। जांच का सिलसिला लगातार चलता रहेगा।