मनरेगा कार्य में रुचि न लेने वाले सचिवों पर कार्रवाई की तैयारी
डीएम ने बीडीओ को ऐसे सचिवों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मनरेगा के तहत जिन ब्लाकों में कार्यरत मजदूरों का दैनिक औसत जिले के औसत से कम है। उन्हें अपने यहां मजदूरों की संख्या बढ़ाकर औसत पूरा करने की चेतावनी दी गई है। विकास भवन में मासिक समीक्षा बैठक में डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा कि नए कार्य कराने के लिए सभी बीडीओ प्रस्ताव भेजें। कहा कि ऐसे गांवों को चिह्नित करें, जहां मनरेगा के तहत कोई कार्य नहीं हो रहा है। यह भी पता करें कि इन गांव में कार्य योजना के अनुसार कार्यों की सूची तैयार है अथवा नहीं। इन गांव में कार्य कराने में रुचि न लेने वाले ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि मनरेगा कन्वर्जेंस के अंतर्गत विभिन्न विभागों से कार्यों की नई कार्य योजना प्राप्त की जाए तथा उसे समय से स्वीकृत कर उस पर कार्य कराए जाए। सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि सभी नहरों में महीने के अंत तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत बिल की बकाया भुगतान की समीक्षा की। सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक माह बिजली का बिल प्राप्त कर उसका भुगतान सुनिश्चित करें। जिन विभागों के पास इस मद में बजट न हो वह अपने विभाग से बजट की मांग करें। पीडब्लूडी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन मार्गों का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है एवं धनराशि उपलब्ध है, उसे इसी माह पूर्ण कराएं। डीएम ने समाज कल्याण व सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में विधान सभावार समारोह विधायक से समय लेकर सभी इसी माह में कराएं। अल्पसंख्यक अधिकारी को निर्देश दिए कि शादी अनुदान योजना के पात्र लाभार्थियों को दो दिन के अंदर अनुदान स्वीकृत कराएं। निर्देश दिए कि कैंप लगाकर महिला नसबंदी कार्यक्रम आयोजित कराएं एवं क्रय की गई किट का शत-प्रतिशत वितरण कराएं। बैठक का संचालन अर्थ व संख्याधिकारी टीपी गुप्ता ने किया। इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एसडीएम भानपुर अमृत पाल कौर, सीएमओ डॉ. अनूप कुमार, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह, पीडी कमलेश सोनी, बीएसए जगदीश शुक्ल, डीआईओएस डीएस यादव, उपायुक्त उद्योग उदय प्रकश, ईओ अखिलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।