सेना के जवान की अयोध्या में सड़क हादसे में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत (बस्ती)। जम्मू में तैनात सेना के जवान की मंगलवार को अयोध्या में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। हादसे के वक्त वे बाइक से महिला रिश्तेदार के साथ अयोध्या घूमने गए थे। मौत की सूचना के पचवस में मातम पसर गया।
छावनी थाना क्षेत्र के पचवस निवासी विवेक कुमार सिंह उर्फ रोहित (26)पुत्र अजय सिंह सेना में जवान थे। मंगलवार को वे अयोध्या घूमने गए थे। जहां नयाघाट हनुमान गढ़ी मार्ग पर तुलसी उद्यान के पास विपरीत दिशा से आ रहे लग्जरी वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में विवेक व उनकी बाइक पर सवार एक महिला रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गई। अयोध्या पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया। जहां विवेक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, महिला अंजली (32) का इलाज अयोध्या के दर्शन नगर स्थित ट्रामा सेंटर में चल रहा है। बता दें कि जम्मू में तैनात विवेक सेना में जवान थे। वे एक सप्ताह पहले ही अवकाश पर अपने घर लौटे थे। वे अपने पीछे एक पत्नी व दो साल के बच्चे को छोड़ गए।