दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन : प्रो. उमा
बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 74 वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परिसर में शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रो. उमा श्रीवास्तव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।
इस दौरान गोष्ठी, विद्यार्थी सम्मेलन व छात्र संवाद का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि परिषद की प्रांत प्रवासी व राष्ट्रीय कार्यकारिणी विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. उमा श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थी परिषद अपनी स्थापना के 75 वें साल में प्रवेश कर चुकी है। परिषद का 74 साल से संघर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है। विद्यार्थी परिषद छात्र, समाज व राष्ट्र हित में निरंतर कार्य कर रही है। यह दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।
उन्होंने कहा कि हम देश की परंपरा के वाहक के रूप में भी कार्य करते रहे हैं। छात्र हितों से लेकर देशहित तक संगठन कार्य कर रहा है। विद्यार्थी परिषद मुसीबत के समय हमेशा देश के साथ खड़ा रहा है। परिषद का मानना है कि देश का विकास छात्र और शिक्षकों के बिना असंभव है। ज्ञान, शील और एकता के मूलमंत्र पर विद्यार्थी परिसर लगातार चल रहा है। कार्यक्रम को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य नीलम सिंह, बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य प्रियंका सिंह, डॉ. विजय शुक्ला ने भी संबोधित किया।
परिषद के विभाग संगठन मंत्री शिवानंद पांडेय ने बताया कि जिले भर की कुल 17 नगर इकाइयों ने अपने क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया। मौके पर जितेंद्र शाही, अखिलेश, अमित पटेल, पिया सिंह, पल्लवी उपाध्याय, अर्षित जायसवाल आदि मौजूद रहे।