परशुरामपुर के तीन गांवों में आबकारी टीम का छापा
450 किग्रा लहन व उपकरण नष्ट किए, 21 लीटर कच्ची शराब बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। त्योहारों को देखते हुए आबकारी विभाग ने छाप मारने का अभियान तेज कर दिया है। दो दिन पहले मुंडेरवा के करवल कॉलोनी के बाद रविवार को टीम ने परशुरामपुर क्षेत्र के तीन गांवों में औचक दबिश दी। यहां करीब 450 लीटर तैयार लहन व उपकरण नष्ट किए गए, जबकि 21 लीटर कच्ची शराब टीम ने बरामद कर एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कराया है।
त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री व परिवहन को लेकर धंधेबाजों की सक्रियता तेज हो जाती है। इसके रोक थाम के लिए आबकारी आयुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्रवाई के लिए संदिग्ध स्थलों पर मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी नवीन सिंह के नेतृत्व में परशुरामपुर स्थित संदिग्ध ग्राम सेवरा पट्टी, बरहपुर काजी एवं एरता में आबकारी एवं प्रवर्तन टीम ने संयुक्त रूप से कच्ची शराब को लेकर कार्रवाई की। यहां दबिश के दौरान लगभग 450 किलो ग्राम महुआ और लहन मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही लगभग 21 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
जिला आबकारी अधिकारी नवीन सिंह ने कहा कि उनकी टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। कच्ची शराब के ठिकानों को नष्ट करने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। त्योहारों पर इनकी सक्रियता पर नियंत्रण के लिए सख्ती बरती जा रही है। जहां भी तंत्र सूचना देती है, वहां कार्रवाई कर उसे नष्ट किया जा रहा है। परशुरामपुर सहित अन्य क्षेत्रों में अभी जो भी संदिग्ध स्थल हैं, वहां एक बार टीम जरूर जाएगी। कच्ची शराब के धंधेबाजों की कमर तोड़ने में कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी।