महादेवा/बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के थाल्हापार गांव में शनिवार को सात वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाल्हापार निवासी सतई चौधरी का परिवार खेत से गेहूं लाकर घर के निचले हिस्से में रख रहा था। इसी दौरान उनका सात वर्षीय पुत्र आर्यन घर की छत पर बने कमरे में था। करीब सुबह 11 बजे उसकी बड़ी बहन जब छत पर पहुंची तो आर्यन को अचेत अवस्था में पड़ा देख चीख-पुकार मचाने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने तत्काल आर्यन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही आर्यन ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजन शव को घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सहित क्षेत्राधिकारी रुधौली ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई। बताया जाता है कि आर्यन चार भाइयों और एक बहन में छोटा था तथा कॉन्वेंट स्कूल गंगौरा में कक्षा दो का छात्र था। पिता खेती-बाड़ी करते हैं।