महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ककुआ राउत गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पूर्व प्रधान की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि पूर्व बीडीसी सदस्य गंभीर रूप घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल भेजवाया।
हर्रैया थाना क्षेत्र के छगढ़ियहवा गांव के पूर्व बीडीसी सदस्य उमेश चौधरी के बेटे की 26 अप्रैल को शादी थी। बारात सोनहा थाना क्षेत्र के लपसी गांव में गई थी। विवाह कार्यक्रम में महुआलखनपुर के पूर्व प्रधान राम चरित्र और कोदई गांव के अशोक कुमार पांडेय भी गए थे। शादी में नई बाइक मिली थी जिसे लेकर राम चरित्र और अशोक कुमार घर के लिए चले थे। अशोक कुमार बाइक चला रहे थे। हेलमेट भी नहीं लगा रखे थे। दोनों लोग शुक्रवार सुबह बारात से बाइक लेकर चल दिए। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही दोनों लोग हाइवे के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ककुआ राउत गांव के पास पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। घटना में पूर्व प्रधान राम चरित्र (57 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अशोक कुमार पांडेय (30) को गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल अशोक कुमार पांडेय को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों गांव में कोहराम मच गया। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक रोहित प्रसाद ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करके शव को पीएम के लिए भेजा गया है।