जिले में कोरोना के नौ नए पॉजिटिव, एक्टिव केस 178, डिस्चार्ज हुए 385
बस्ती। जिले में कोरोना का कहर जारी है। सोमवार को बीआरडी मेडिकल कालेज से नौ नए पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट आई है। इस प्रकार जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 581 पहुंच गई है। कैली में भर्ती तीन मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब तक कुल 385 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में मृतकों की संख्या 18 तो एक्टिव मरीजों की संख्या 178 हो गई है। उक्त की पुष्टि डीएम आशुतोष निरंजन ने की है।
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। अब तक कोरोना से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। अब भी तमाम लोग एल-वन व एल-टू के अस्पतालों में जिंदगी मौत से जूझ रहे हैं। हालांकि इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी ताकत से मैदान में डटा है, मगर कोरोना का संक्रमण अब समुदाय की ओर रुख कर लिया है, क्योंकि इधर मिले तमाम पॉजिटिव मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री ही नहीं है। कोरोना के प्रभाव से बैंक, कलेक्ट्रेट के अलावा दीवानी न्यायालय तक बंद रखा गया है।
अब तक 56, बीस नए स्थल कंटेनमेंट जोन
जिले में अब तक 56 कंटेनमेंट जोन घोषित किए जा चुके हैं। बुधवार को भी बीस नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए। इन सभी स्थानों पर एक-एक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम आशुतोष निरंजन ने दी है। इन सभी जगहों के आस-पास 250 मीटर दायरे को सील कर दिया गया है।
डीएम ने बताया कि जिले के ग्राम नगराबदली थरवापुर शंकरपुर, पूरेहमराज छावनी हर्रैया, सौरपुर पैकोलिया हर्रैया, शहर के विशुनपुरवा गांधी नगर, श्रीपालपुर वाल्टरगंज, ग्राम व पोस्ट गौर हर्रैया, ग्राम रूद्रपुर कलवारी कुदरहा, ग्राम खम्हरिया छावनी हर्रैया, पाण्डेय बाजार पुरानी बस्ती, ग्राम पदमापुर दुबौलिया हर्रैया, ग्राम कठवतिया साउठीह हर्रैया, ग्राम घिरौली बाबू छावनी हर्रैया, ग्राम कबरहाडीहवा मुंडेरवा, ग्राम मनवा कलवारी, सिविल लाईन कोतवाली, ग्राम सुपेलवा कोतवाली, ग्राम जगदीश वाल्टरगंज भानपुर, ग्राम कांटे खैरा भानपुर, राजकीय आश्रम पद्धति भानपुर, ग्राम रधुनाथपुर गौर हर्रैया को कंटेंटमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश एवं निकासी पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। इस क्षेत्र में आने वाले सभी विद्यालय कार्यालय बंद रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की सार्वजनिक भीड़ पर प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र के सभी व्यापारिक संस्थान प्रतिष्ठान पूर्णतया बंद रहेंगे।
डीएम ने बताया कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक एवं निजी प्रतिष्ठान, औद्योगिक प्रतिष्ठान, सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक कार्य एवं समारोह प्रतिबंधित रहेगें। शहरी क्षेत्र में नगर पालिका तथा ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज विभाग सफाई के लिए प्रतिदिन सफाई कर्मी भेजेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुचारू रूप से कंटेनमेंट लिस्टिंग तथा डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। पुलिस विभाग द्वारा शांति एवं सुरक्षा के साथ-साथ अन्य प्रतिबंधों को पालन कराया जाएगा। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।