नगर पालिका क्षेत्र के 60 भवन जर्जर
बस्ती। जिले के परशुरामपुर क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते एक भवन गिर गया। इस हादसे में दो जान चली गई और आठ घायल हो गए। परशुरामपुर का यह जर्जर भवन लगातार अतिवृष्टि से ढहा है। ऐसे ही करीब साठ भवन शहर में भी हैं। इनके स्वामियों को नगर पालिका प्रशासन नोटिस दे चुका है कि इसे गिरा दें, मगर अब भी इसमें लोग आशियाना बनाए हुए हैं।
शहर के गांधीनगर, पुरानी बस्ती, दक्षिण दरवाजा व मंगल बाजार में कई ऐसे मकान हैं जिन पर गिरने का खतरा है। नगर पालिका की सूची में शामिल कई भवन तो गिराए गए हैं, मगर साठ भवन अब भी ऐसे हैं जो जर्जर होने के साथ कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में जानमाल का नुकसान हो सकता है। नगर पालिका के जिम्मेदारों की मानें तो गांधीनगर मुख्य बाजार सहित कुल साठ भवन ऐसे चिन्हित किए गए हैं जिनका अस्तित्व खतरे में है। इनमें रहने वालों को आगाह कर दिया गया है, मगर अब तक इसे खाली नहीं कराया जा सका है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी कहते हैं कि जिन पुराने भवनों पर खतरा है उनको नोटिस देकर तत्काल इसे गिराने का निर्देश दिया गया है, मगर जब तक इसे खाली नहीं कराया जाएगा तब तक उसे गिराना संभव नहीं होगा। कहा कि पालिका फिर से शहरी क्षेत्र के कई इलाकों के जर्जर भवनों का सर्वे करा रही है जो जिंदगी के लिए खतरा बने हुए हैं।