टीकाकरण : चार हजार से अधिक ने लगवाई कोरोनारोधी वैक्सीन
बस्ती। जिले में कोरोना टीकाकरण का क्रम जारी है। बुधवार को कुल 211 टीकाकरण बूथों पर अभियान चलाया गया। यहां पहुंचे 4,723 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। बूथों पर टीकाकरण के लिए लोगों की भीड़ बढ़ी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, ओपेक चिकित्सालय कैली समेत सभी सीएचसी-पीएचसी पर अभियान चलाकर टीकाकरण किया गया। जिले में टीकाकरण का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों और स्कूलों पर टीका लगाया गया। पहली डोज लगवा चुके लोगों को द्वितीय डोज के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान में 47 लोगों को प्रीकाशन डोज दी गई। इसमें 60 वर्ष से ऊपर बुजुर्गों समेत फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर शामिल हैं। इसके अलावा किशोर-किशोरियों के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। अभियान में 1,295 किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन लगाई गई। जबकि 12 से 14 वर्ष के 1,248 बच्चों को टीका लगा है। महिला अस्पताल में 40 लोगों को कोविशील्ड, 20 को को-वैक्सीन व 12 से 14 साल वाले 11 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई।
579 नमूने जांच के लिए भेजे गए
बस्ती। जिले में बुधवार को भी किसी व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। 578 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 579 का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जिले में कुल एक एक्टिव केस है।
सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि कोरोना को लेकर अभी सतर्कता बरतनी होगी। एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि जिले में सक्रिय मरीज एक है। यहां कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 13,141 है। अब तक 12,803 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से 337 की मौत हो चुकी है। अभी भी 664 लोगों की जांच रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। कोरोना जांच के लिए अब तक जिले में 10 लाख 30 हजार 421 सैंपल लिए गए हैं। इसमें 10 लाख 29 हजार 757 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें 10 लाख 16 हजार 616 की रिपोर्ट निगेटिव रही है। कोरोना जांच के लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से शहर और गांवों से कुल 579 नमूने लिए गए, इसमें एंटीजन व आरटीपीसीआर जांचें शामिल हैं। स्टेशन पर डॉ. मासूमा की नेतृत्व में एलटी आनंद श्रीवास्तव, हरीश गुप्ता, इसराइल ने नमूने लिए।