बस्ती। जनपद के नौ केंद्रों में एक जून को बीएड प्रवेश परीक्षा में 4179 अभ्यर्थी शामिल होंगे। नकलविहीन प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और आब्जर्वर की तैनाती कर दी गई है। एनीएन पीजी कालेज को नोडल केंद्र बनाया गया है।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 के लिए जनपद में नौ केंद्र बने हैं। इनमें नोडल केंद्र एपीएनपीजी कालेज के अलावा शिवहर्ष किसान पीजी कालेज और इंटर कालेज, किसान इंटर कालेज मडया कटया, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कालेज, राजकीय कन्या इंटर कालेज, बेगमखैर इंटर कालेज शामिल हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्रों को प्रश्नपत्र ट्रेजरी से उपलब्ध कराया जाएगा। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी कमरों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इसकी निगरानी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से होगी।
बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सभी जरूरी प्रबंध कर लिए गए हैं। जनपद में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि पहुंच चुके हैं। केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक में उन्हें जिम्मेदारियां बता दी गई हैं।
परीक्षा के नोडल केंद्र प्रभारी और एपीएन पीजी कालेज के प्राचार्य डाॅ. अभय प्रताप सिंह ने बताया कि एक जून को जनपद के नौ केंद्रों में बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। दो पालियों में आयोजित होने वाले परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा के लिए 4179 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। केंद्रों पर पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती हो गई है।