महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक से स्कूटी सवार युवती कुचल गई। घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। भाग रहे ट्रक चालक को आगे पुलिस ने पकड़ लिया।
हर्रैया थाना क्षेत्र के खम्हरिया गंगाराम गांव निवासी गोविंदलाल मौर्या की पुत्री पुष्प लता मौर्या (20) एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी स्कूटी से किसी काम से बस्ती जा रही थी कि महराजगंज कस्बे के पास फैजाबाद से बस्ती की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में पुष्प लता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के तत्काल बाद पहुंची सहेली पल्लवी श्रीवास्तव एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्पलता मौर्या को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय युवती हेलमेट नहीं पहनी थी। पुलिस ने घरवालों को फोन से घटना की जानकारी दी। घरवालों के पहुंचने पर सीएचसी में कोहराम मच गया। युवती के पिता गोविंदलाल मौर्या और माता जामवंती देवी, नंदनी और तीनों भाई वीरेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, शैलेन्द्र कुमार दहाड़ मारकर रोने लगे।परिवारों की चीख से हर किसी की आंखें छलक जातीं।
हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के बाद आग्रिम कार्रवाई होगी।